रामगढ़। जिला में गुरुवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत की उपस्थिति में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन किया गया।

उपायुक्त ने वर्तमान में घाटी में लगाई गई लाइटों के नियमित रूप से कार्य करने की स्थिति की जांच की। उन्होंने घाटी क्षेत्र में दुर्घटनाओं को रोकने हेतु लगाए गए साइन बोर्ड की संख्या में वृद्धि करने तथा वाहनों की गति (स्पीड) को नियंत्रित करने हेतु कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया। इसके साथ ही घाटी में ओवर स्पीडिंग पर रोक लगाने, हाई मास्ट लाइट लगाने, सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त रखने और ब्लैक स्पॉट को चिन्हित कर उन स्थानों पर सुधारात्मक कार्रवाई कर दुर्घटनाओं को रोकने के निर्देश दिए गए।

बैठक में 'हिट एंड रन' दुर्घटनाओं से संबंधित मामलों की भी समीक्षा हुई। उपायुक्त ने इस योजना के तहत मिलने वाली मुआवजा प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का को निर्देशित किया कि 'हिट एंड रन' के तहत आए सभी लंबित मामलों का जल्द से जल्द निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि प्रभावित परिवारों को ससमय राहत और मुआवजा मिल सके। उपायुक्त ने शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए अतिक्रमण मुक्त कराने के िलए निर्देश दिए।

सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बिना हेलमेट दो पहिया वाहन चलाने वाले चालकों पर सख्त कार्रवाई करते हुए चालान काटने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही जिले के सभी पेट्रोल पंपों में हेलमेट नहीं, तो पेट्रोल नहीं अभियान को सख्ती से जारी रखने की बात कही गई। बैठक में जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारियों/अधिकारियों के सहित अन्य संबंधित विभागों के सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित थे।