जमशेदपुर। टाटा-अमृतसर के बीच चलने वाली महत्वपूर्ण जलियांवाला बाग एक्सप्रेस (18103/18104) के कोहरे के कारण प्रस्तावित परिचालन बंद किए जाने के निर्णय के विरोध में आज सतबीर सिंह सूमो ने टाटानगर रेलवे स्टेशन पर दक्षिण पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक मनीष कुमार जैन से मुलाकात कर जमशेदपुर एवं पूरे कोल्हान के रेल यात्रियों की चिंताओं और जनभावनाओं को मजबूती से रखा। इस दौरान माननीय रेल मंत्री, भारत सरकार के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मांग की गई कि जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन बंद करने के निर्णय को तत्काल वापस लिया जाए। कोहरे की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आधुनिक तकनीक, नियंत्रित गति एवं आवश्यक सुरक्षा उपायों के साथ ट्रेन का नियमित परिचालन जारी रखा जाए।
सतबीर सिंह सूमो ने कहा कि जलियांवाला बाग एक्सप्रेस केवल एक ट्रेन नहीं, बल्कि झारखंड सहित देश के विभिन्न हिस्सों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण जनसेवा है। यह ट्रेन लखनऊ, अयोध्या, बरेली, ऋषिकेश और अमृतसर जैसे महत्वपूर्ण शहरों तथा धार्मिक-ऐतिहासिक स्थलों को जोड़ती है।
विशेष रूप से हरमंदिर साहिब, जलियांवाला बाग, अयोध्या एवं ऋषिकेश जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह रेल सेवा अत्यंत महत्वपूर्ण है। हजारों यात्री धार्मिक, सामाजिक, पारिवारिक एवं व्यावसायिक आवश्यकताओं के लिए इस ट्रेन पर निर्भर हैं। ऐसे में कोहरे के कारण इसका परिचालन पूरी तरह बंद करना यात्रियों के लिए गंभीर कठिनाई उत्पन्न करेगा।
इस मौके पर चंचल भाटिया, जसवंत सिंह, कर्मजीत सिंह कमें, कुलवंत सिंह, कुलवंत सिंह कांटे,हैप्पी सिंह, सतनाम सिंह खुशीपुर,हरदीप सिंह,सहित भाजपा के सिख समाज से जुड़े अनेक नेता एवं सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में जलियांवाला बाग एक्सप्रेस का परिचालन बंद नहीं करने तथा यात्रियों के हित मंए ट्रेन को नियमित रूप से चलाए जाने की मांग का समर्थन किया।
