रांची। झारखंड आंदोलन के पुरोधा स्व. बिनोद बिहारी महतो और पूर्व सांसद स्व. राज किशोर महतो की जयंती पर सिल्ली और आजसू पार्टी मुख्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों विभूतियों की प्रतिमा व चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि बिनोद बाबू ने जिस झारखंड की कल्पना की थी, उसमें शिक्षा, स्वाभिमान, रोजगार और सामाजिक न्याय केंद्र में थे। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि आज राज्य में प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितता, पेपर लीक और भ्रष्टाचार से युवाओं का भविष्य अधर में है।
उन्होंने मांग की कि ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। बिनोद बाबू के 'पढ़ो और लड़ो' के संदेश को याद करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि उनके सपनों का झारखंड बनाने के लिए शिक्षा की गुणवत्ता, रोजगार के अवसर, पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया और भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाना बेहद जरूरी है। श्रद्धांजलि सभा में सिल्ली में जयपाल सिंह, सुशील महतो, वीणा चौधरी और रांची मुख्यालय में मुकुंद चंद्र मेहता, ज्ञान सिन्हा, हरीश कुमार, परवाज़ खान व आजसू छात्रसंघ अध्यक्ष ओम वर्मा समेत कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
