बोकारो। जिले की विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर बुधवार को उपायुक्त अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने समीक्षा बैठक की। बैठक में पदाधिकारियों को विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने चास एवं बेरमो के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) को निर्देश दिया कि अपने-अपने अनुमंडल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क रहें। विधि-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका पर समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई करें। आवश्यकता के अनुसार भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू करने की कार्रवाई नियमानुसार सुनिश्चित करें, ताकि स्थिति को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।
उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि चास एवं बेरमो अनुमंडल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था संधारण की संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित एसडीओ एवं एसडीपीओ की होगी। सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सतर्कता बरतें।
