​रांची। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की की अध्यक्षता में नेपाल हाउस में सहकारिता प्रभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय योजनाओं, बजट व्यय और नई पहलों की प्रगति की समीक्षा करते हुए मंत्री ने कहा कि सहकारिता क्षेत्र को आधुनिक तकनीक से जोड़ना किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए बेहद जरूरी है।

​बैठक में लिए गए निर्णयों में हर विधानसभा क्षेत्र में कोल्ड स्टोरेज-कम-मार्केटिंग सेंटर स्थापित करने की योजना है। इसके निर्माण में देश की अग्रणी लॉजिस्टिक कंपनियों से तकनीकी सुझाव और कंसल्टेंसी ली जाएगी ताकि ऊर्जा दक्षता और आधुनिक लॉजिस्टिक्स को शामिल किया जा सके।

प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत पायलट प्रोजेक्ट के रूप में रांची, खूंटी और सरायकेला-खरसावां के सरकारी स्कूलों में मध्याह्न भोजन के लिए रागी के आटे की आपूर्ति की जाएगी। इससे बच्चों को पौष्टिक आहार मिलेगा और स्थानीय किसानों को सुनिश्चित बाजार।

​लाह पोषक समृद्धि योजना के तहत लाह उत्पादकों को 20 डिसमिल भूमि पर एकीकृत खेती के लिए सीमियालता, कुसुम, बेर और कैलियेंड्रा के पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। सीमियालता का पौधा एक वर्ष में ही लाह उत्पादन के योग्य हो जाता है, जिससे किसानों की आय में तेजी से वृद्धि होगी।

​मंत्री ने अधिकारियों को सभी योजनाओं का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।