रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस (17 सितंबर) और सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर सहित झारखंड में 'सेवा संकल्प अभियान' चलाएगी। प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने इस महीने भर चलने वाले उत्सव और कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की।

इस अभियान के तहत 17 सितंबर को राज्य के हर घर और मंदिरों में पीएम मोदी की दीर्घायु व उत्तम स्वास्थ्य के लिए 'आशीर्वाद के दीये' जलाए जाएंगे। इसके अलावा, सांगठनिक मंडलों के गांवों को सजाया जाएगा और भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। एक महीने के इस अभियान के दौरान विभिन्न तिथियों में कई जन-सरोकारी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। जन्मदिवस के अवसर पर राज्यभर में रक्तदान और सेवा कार्य होगा। पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों पर आधारित 25 कहानियों का लेखन व प्रकाश। 'सेवा के रंग' के तहत विभिन्न स्थानों पर रंगोली प्रतियोगिताएं, हैकाथन, इनोवेशन चैलेंज और 'कहानी बदलाव की' जैसे आयोजन। चित्र सेवा, सेवा स्मरण, आंगन मिलन सेवा, सेवा ज्योति यात्रा, बड़नगर से वाराणसी सेवा यात्रा, सेवा सेतु और जनसेवक महाकुंभ।

आदित्य साहू ने कहा कि पीएम मोदी ने बिना थके-रुके पिछले 25 वर्षों से देश की निस्वार्थ सेवा की है। गुजरात के भूकंप त्रासदी से उबरने से लेकर 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन और आयुष्मान योजना देने तक, उनकी नीतियां समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए समर्पित रही हैं।

उन्होंने कहा कि 2014 के बाद देश में आतंकवाद पर प्रभावी लगाम लगी है और सीमाएं सुरक्षित हुई हैं। इन सभी कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को धरातल पर उतारना है।

नवनिर्वाचित मोर्चा अध्यक्षों और संयोजकों की बैठक

रांची। शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में नवनिर्वाचित मोर्चा अध्यक्षों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के संयोजक व सह-संयोजकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक को प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) कर्मवीर सिंह ने मुख्य रूप से संबोधित किया और संगठन के आगामी कार्यों को लेकर दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश के साथ प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्र एवं मनोज सिंह उपस्थित रहे।