रामगढ़। पांच कार्य दिवस की बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर शुक्रवार, 11 सितंबर को देशव्यापी एकदिवसीय बैंक हड़ताल का रामगढ़ में भी व्यापक असर देखने को मिला। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं। बैंककर्मियों ने मांगों के समर्थन में बिजुलिया ओवरब्रिज के समीप से गांधी चौक तक जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। जुलूस में शामिल बैंककर्मियों ने सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, लंबित मांगों का समाधान करने समेत अन्य मुद्दों को लेकर नारेबाजी की। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के अलावा स्थानीय स्तर पर कई अन्य बैंकिंग संस्थानों में भी कामकाज प्रभावित रहा। इससे बैंक शाखाओं में जरूरी काम के लिए पहुंचे ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बैंक यूनियनों की प्रमुख मांग सप्ताह में पांच कार्य दिवस की बैंकिंग व्यवस्था लागू करना है। यूनियनों का कहना है कि 8 मार्च 2024 को हुए द्विपक्षीय समझौते में पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था का प्रस्ताव शामिल था, लेकिन इस पर अब तक अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। प्रस्ताव के तहत सोमवार से शुक्रवार तक बैंकिंग कार्य रखने और कार्य अवधि में आवश्यक समायोजन का प्रावधान है।