रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की स्थिति स्थिर बनी हुई है। चिकित्सकों के अनुसार, जांच में उनके हृदय में कुछ समस्या पाई गई है।
अस्पताल में डॉक्टरों की एक विशेष टीम जीवन रक्षक उपकरणों की मदद से उनके स्वास्थ्य की लगातार मॉनिटरिंग कर रही है। चिकित्सकों की देखरेख में उनका गहन इलाज जारी है।
मां की तबीयत की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार को हिलव्यू अस्पताल पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद डॉक्टरों से मां के स्वास्थ्य और चल रहे इलाज के बारे में विस्तार से जानकारी ली। सीएम ने डॉक्टरों को स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने का निर्देश दिया है।
गौरतलब है कि रूपी सोरेन पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही हैं। मां के बिगड़ते स्वास्थ्य को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कैबिनेट बैठक समेत अपने कई पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है। मुख्यमंत्री लगातार अस्पताल के संपर्क में हैं और डॉक्टरों से पल-पल का अपडेट ले रहे हैं।
