रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें रांची के बरियातू स्थित 'हिल व्यू हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर' में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के संचालक और वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. नितेश प्रिया ने उनके भर्ती होने की पुष्टि की है।
चिकित्सकों की एक विशेष टीम फिलहाल उनकी स्थिति पर लगातार नज़र बनाए हुए है और उनका इलाज जारी है। हालांकि,अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी तक उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर कोई औपचारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि रूपी सोरेन पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी मां के बेहतर इलाज और विशेष चिकित्सकीय परामर्श के लिए उन्हें हैदराबाद भी ले गए थे। वहां से लौटने के बाद एक बार फिर उनकी तबीयत खराब होने पर उन्हें आनन-फानन में रांची के हिल व्यू अस्पताल में दाखिल कराया गया।
