साहिबगंज / बोकारो। दीपावली की रात साहिबगंज के पूर्वी फाटक इलाके में कैटरिंग संचालक मुन्ना साह (45) की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों में चास अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढाढा के अंगरक्षक पवन कुमार और देवघर के विधायक सुरेश पासवान के अंगरक्षक रूपक कुमार पासवान शामिल हैं। साहिबगंज पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

उल्लेखनीय है कि ​दीपावली की रात पूजा-पाठ के बाद मुन्ना साह अपने घर से बाहर निकले थे, तभी आरोप है कि दोनों अंगरक्षकों ने उनके सिर में सामने से गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर परिजन और स्थानीय लोग तुरंत उन्हें जिला सदर अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। बाद में भागलपुर के मायागंज अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

​एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृतक के बेटे अंशु कुमार शाह के आवेदन पर मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की गई और छापेमारी के दौरान दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से ​एक पिस्तौल,​34 जिंदा कारतूस

​एक खोखा (खाली कारतूस) और ​एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

​प्राथमिक जांच के अनुसार आपसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया था।

​मुन्ना साह कैटरिंग और हलवाई का काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके चार बेटे हैं, जिनमें से एक कोलकाता में पढ़ाई करता है, जबकि तीन बेटे साहिबगंज में ही रहते हैं। घर में मौत की खबर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी ने दोनों आरोपितों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।