बोकारो। सेक्टर-3 स्थित बंग भारती पूजा पंडाल में बुधवार को सिंदूर खेला के साथ मां दुर्गा को भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान पंडाल में श्रद्धा, भक्ति और भावुकता का माहौल देखने को मिला। मां की विदाई से पहले महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित किया और उनके चरणों में शीश झुकाकर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अखंड सौभाग्य की कामना की।
सिंदूर खेला के दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर प्रेम, सौहार्द और आपसी सद्भाव का संदेश दिया। लाल सिंदूर से सजी महिलाओं के चेहरों पर जहां उत्सव का उल्लास दिखा, वहीं मां की विदाई के समय आंखें नम हो गईं। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से अगले वर्ष फिर आने और सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
नवरात्र के दौरान मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना की जाती है। सिंदूर खेला इसी आस्था और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो सौभाग्य, समर्पण और मंगलकामना का प्रतीक माना जाता है। विजयादशमी के अवसर पर मां की विदाई बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश भी देती है।
पूजा समिति के सदस्यों ने कहा कि दुर्गा पूजा धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का अवसर है। मां दुर्गा की विदाई के साथ श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष फिर से उनके आगमन की कामना की।
