रांची। जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने इतिहास रचते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। इस स्वर्णिम सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली झारखंड की चार बेटियां—कप्तान सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग—रविवार सुबह 8:55 बजे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची पहुंचेंगी।
भारतीय टीम को अपनी कप्तानी में स्वर्णिम सफलता दिलाने वाली सलीमा टेटे के साथ-साथ निक्की, ब्यूटी और दीपिका के आगमन को लेकर राज्यभर के खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है।
हॉकी झारखंड और खेल प्रेमियों द्वारा रांची एयरपोर्ट पर चैंपियंस के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। खिलाड़ियों के आगमन पर ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका भव्य एवं शानदार नागरिक अभिनंदन किया जाएगा।
