​रांची। ​मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की झारखंडी खिलाड़ियों ने मुलाकात की। इनमें टीम की कप्तान सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग शामिल थीं।

​मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को मिठाई खिलाकर और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों से उनकी तैयारियों और टूर्नामेंट के अनुभवों की जानकारी ली।

​इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतना राज्य और पूरे देश के लिए गर्व की बात है। झारखंड की बेटियों ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम और अनुशासन से देश का मान बढ़ाया है। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से राज्य के युवाओं और विशेषकर बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी लगन और समर्पण के साथ देश का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

​मुलाकात के दौरान विधायक कल्पना सोरेन ने भी खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर हॉकी झारखंड के डीजी विजय शंकर सिंह, अंतरराष्ट्रीय कुश्ती कोच-सह-सीईओ रजनीश कुमार और जनरल सेक्रेटरी मनोज कुमार प्रसाद भी उपस्थित रहे।