​राँची। राजधानी के नगड़ी स्थित बुकरू मैदान में बारह पड़हा सोहराय जतरा समिति द्वारा आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने फुटबॉल को किक मारकर और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मुकाबले का विधिवत शुभारंभ किया।

​इस दौरान अपने संबोधन में सुदेश महतो ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, समर्पण और सामाजिक एकजुटता विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें उचित अवसर और प्रोत्साहन देने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं के खेल प्रेम की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसे आयोजनों और ट्रेनिंग कैंपों का दायरा बढ़ाने का आश्वासन दिया।

​टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला स्टार वारियर और जय जवान डीवडीह के बीच बेहद रोमांचक रहा, जिसमें जय जवान डीवडीह की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत अपने नाम की। सुदेश महतो ने विजेता टीम को बधाई देते हुए सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और सफल आयोजन के लिए समिति के प्रति आभार व्यक्त किया।

​इस अवसर पर डॉ. देवशरण भगत, हकीम अंसारी, एतवा उरांव, सूरज मिश्रा, अमन लाल सहदेव, मनोज महतो, रूपा गाड़ी समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।