गिरिडीह। पीरटांड़ में आजसू पार्टी की ओर से आयोजित ‘युवा जनसंवाद’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पार्टी प्रमुख एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने कहा कि आजसू पार्टी सोशल मीडिया के दिखावे से नहीं, बल्कि जनता के बीच किए गए संघर्ष और समर्पण से आगे बढ़ी है।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हम रील वाले नहीं, रियल वाले हैं। हमने झारखंड आंदोलन को सिर्फ पढ़ा नहीं, बल्कि झारखंड को गढ़ा है।श्री महतो ने राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि महिलाओं से चुनावी वादे कर सत्ता में आने वाली सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि 50 वर्ष की महिलाओं के नाम योजनाओं से क्यों कट रहे हैं और पात्र युवतियों के नाम क्यों नहीं जुड़ पा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल चुनावी चर्चाओं तक सीमित न रहें, बल्कि गांव-पंचायत की समस्याओं को समझकर खुद नेतृत्वकर्ता की भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम को गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो और केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने भी संबोधित किया। इस दौरान ज़िला अध्यक्ष गुड्डू यादव, शम्भू शरण सिंह, मेराज आलम, प्रकाश पंडित सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।