सिल्ली (रांची)। आजसू पार्टी के प्रखंड स्तरीय सम्मेलन अभियान के तहत गुरुवार को सिल्ली में प्रखंड स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान संगठन की मजबूती को लेकर रणनीति बनाई गई और सिल्ली प्रखंड कमिटी के लिए नए सदस्यों का चयन भी किया गया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सुदेश कुमार महतो ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की असली ताकत उसके कार्यकर्ताओं की सक्रियता, निष्ठा और जनता के बीच विश्वसनीयता से तय होती है। उन्होंने कहा कि आजसू का इतिहास संघर्ष, जनभागीदारी और झारखंड के हक-अधिकार की लड़ाई का रहा है, जिसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी हर कार्यकर्ता की है। संगठन तभी सशक्त होगा, जब कार्यकर्ता केवल आयोजनों तक सीमित न रहकर लगातार जनता के बीच मौजूद रहें।
उन्होंने कहा कि राजनीति पद या प्रतिष्ठा पाने का जरिया नहीं, बल्कि समाज और क्षेत्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने का माध्यम है। गांव की आवाज को राजनीतिक मंच तक पहुंचाने और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए पंचायत से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना जरूरी है। इसके लिए युवाओं, महिलाओं और समाज के विभिन्न वर्गों को पार्टी से जोड़कर जनाधार बढ़ाने पर जोर दिया गया।
राज्य की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि जनता ने जिन उम्मीदों के साथ सरकार को जिम्मेदारी सौंपी थी, उन पर खरा उतरने की आवश्यकता है। रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों की स्थिति और स्थानीय विकास जैसे बुनियादी मुद्दे आज भी जवाब मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता को आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस परिणाम चाहिए। सत्ता का उद्देश्य जनसेवा होना चाहिए, न कि अपने हित साधना। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग दिखावे की राजनीति के सहारे जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन लोग सब देख रहे हैं और समय आने पर जवाब देंगे।
कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र की समस्याओं को समझें, लोगों से संवाद करें और संगठन को भरोसे का माध्यम बनाएं। सम्मेलन में सिल्ली क्षेत्र में पार्टी की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की गई, पंचायत व बूथ स्तर पर संगठन विस्तार पर चर्चा हुई और आगामी सांगठनिक व राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। साथ ही जमीनी स्तर पर समन्वय और सक्रियता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रखंड कमिटी में नए सदस्यों का चयन किया गया।
इस अवसर पर केंद्रीय संगठन सचिव जयपाल सिंह, केंद्रीय सचिव सुशील महतो, संजय सिद्धार्थ, संजय महतो, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान, झारखंड आंदोलनकारी लक्ष्मी महतो, त्रिलोचन महतो, रामस्वरूप मंडल, लक्ष्मण महतो, शिव शंकर प्रसाद, सुभाष महतो, रांची जिला संगठन सचिव डब्लू महली और कमल सिंह मुंडा समेत कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
