जमशेदपुर। सामाजिक सेवा और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की एक अनूठी मिसाल जमशेदपुर में देखने को मिली है। छठ पूजा के पावन अवसर पर माधुरी दीक्षित फैन सामाजिक कार्यकर्ता पप्पू सरदार ने अपनी बहनों के बीच साड़ी का वितरण कर स्नेह और सम्मान का अनूठा उदाहरण पेश किया। इस विशेष कार्यक्रम के तहत 250 से अधिक महिलाओं को साड़ियां भेंट की गईं, जिन्हें पाकर उनके चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था।

लाभार्थी महिलाओं ने आभार जताते हुए बताया कि पप्पू सरदार हर साल छठ पर्व के मौके पर उन्हें साड़ी भेंट करते हैं। उनका यह प्रयास केवल एक उपहार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक भाई के रूप में बहनों के प्रति उनके अटूट स्नेह, सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाने का प्रतीक है। महिलाओं का कहना है कि वे हर सुख-दुख में उनके साथ परिवार की तरह खड़े रहते हैं, जिससे उन्हें हमेशा अपनेपन का अहसास होता है।

पप्पू सरदार केवल पर्व-त्योहारों पर ही नहीं, बल्कि सालभर विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं।

मौसम कोई भी हो, वे हमेशा जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहते हैं।सर्दियों के मौसम में गरीब और असहाय लोगों के बीच गर्म कपड़ों का वितरण किया जाता है।

छठ महापर्व जैसे महानुष्ठानों के दौरान वे जरूरतमंद परिवारों को हरसंभव सहयोग प्रदान कर उनकी खुशियों को दोगुना करते हैं।

इस अनूठी पहल से न केवल समाज में आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश गया है। महिलाओं ने पप्पू सरदार की इस नेक पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।