बोकारो। वर्ष 1984 के सिख कत्लेआम के 42 वर्ष बीत जाने के बाद भी पीड़ित परिवारों के जख्म हरे हैं। अपनों को खोने का दर्द और इंसाफ की अधूरी उम्मीद के साथ रविवार को चास स्थित गुरुद्वारा में निर्दोष सिखों की याद में विशेष धार्मिक एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह श्री सुखमणि साहिब के पाठ से हुई। तत्पश्चात जाप साहिब, गुरबाणी कीर्तन और शहीदों की आत्मिक शांति के लिए अरदास की गई। इस दौरान 1984 के कत्लेआम में मारे गए 73 निर्दोष सिखों के नाम अंकित ‘सच की दीवार’ का अनावरण कर इसे संगत को समर्पित किया गया।
चास गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान जसमीत सिंह सोडी ने केंद्र व झारखंड सरकार से मांग की कि दंगा पीड़ितों के मुआवजे पर स्थिति स्पष्ट की जाए। उन्होंने कहा कि कई पीढ़ियां न्याय का इंतजार करते हुए गुजर गईं। सरकार को समय-सीमा निर्धारित कर पीड़ित परिवारों को मुआवजा और अधिकार देना चाहिए।
कमेटी ने वन मैन कमीशन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बुजुर्ग महिलाओं को कागजी प्रक्रिया के लिए बार-बार रांची बुलाना अनुचित है। लंबी यात्रा से उन्हें शारीरिक और मानसिक कष्ट होता है, इसलिए यह प्रक्रिया स्थानीय स्तर पर ही पूरी की जाए।
कार्यक्रम में टाटानगर से सतनाम सिंह गंभीर और धनबाद सांसद प्रतिनिधि हनी सिंह अपने सहयोगियों के साथ शामिल हुए और शहीदों को नमन किया। कमेटी ने स्पष्ट किया कि इस आयोजन का उद्देश्य किसी की भावना को ठेस पहुंचाना नहीं, बल्कि पीड़ितों को न्याय और सम्मान दिलाना है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जसमीत सिंह, सतनाम सिंह, मनदीप सिंह, साहिब सिंह, हरपाल सिंह, रविंदर सिंह, इंद्रजीत सिंह, हरबंस सिंह, रजवंत कौर, अमरजीत कौर, जसबीर कौर सहित प्रबंधक कमेटी और साध-संगत का विशेष योगदान रहा।
