​रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षा में कथित गड़बड़ी और धांधली के खिलाफ अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है। इसी बीच शनिवार देर रात राजधानी के धरनास्थल के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक मोबाइल टावर पर जा चढ़ा।

​घटना देर रात करीब 1:30 बजे जयपाल सिंह स्टेडियम के समीप स्थित एक मोबाइल टावर की है। अचानक युवक को टावर की ऊंचाई पर देखकर मौके पर मौजूद लोगों और आंदोलनकारियों में हड़कंप मच गया।

​टावर पर चढ़े युवक की पहचान लातेहार जिले के बालूमाथ निवासी हीरालाल के रूप में हुई है। युवक का कहना है कि उसकी पत्नी को काफी प्रयासों के बावजूद नौकरी नहीं मिल पा रही है, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान और आहत है। उसकी पत्नी भी उसे उलाहना देती थी कि वह 1 रुपया भी कमाता नहीं है, मुख्यमंत्री से 1 रुपये की मांग के लिए टावर वह पर चढ़ा। उसने सरकारी व्यवस्था और तंत्र के प्रति गहरा आक्रोश जताते हुए अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाने के लिए यह आत्मघाती कदम उठाया।

​घटना की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों ने लाउडस्पीकर व बातचीत के जरिए युवक को समझाने-बुझाने की काफी कोशिशें कीं और सुरक्षित नीचे उतरने की अपील की, लेकिन युवक अपनी मांगों पर अड़ा रहा। सुबह 7.30 बजे वह नीचे उतरा।