रांची। खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक (एमएमडीआर) 2026 के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो)19 सितंबर को पूरे राज्य में सड़कों पर उतरेगा। पार्टी केंद्र सरकार के इस विधेयक के खिलाफ राज्यभर के सभी प्रखंड मुख्यालयों में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर ‘हल्लाबोल’ अभियान चलाएगी।
झामुमो का आरोप है कि यह नया कानून झारखंड के संवैधानिक अधिकारों, जल-जंगल-जमीन और खनिज संपदा पर सीधा हमला है। पार्टी के अनुसार, इस संशोधन के जरिए केंद्र सरकार ने राज्यों के खनिज अधिकारों और भूमि पर कर लगाने की शक्तियों को सीमित कर दिया है।
झामुमो महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि यह विरोध किसी राजनीति से प्रेरित नहीं है, बल्कि झारखंड के हक और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की लड़ाई है। यदि नए संशोधन से राज्य के राजस्व और खनिज अधिकारों को नुकसान पहुंचता है, तो पार्टी शांत नहीं बैठेगी।
पार्टी ने स्पष्ट किया है कि जब तक केंद्र सरकार इस कानून को वापस नहीं लेती, तब तक सड़क से लेकर सदन और अदालत तक लोकतांत्रिक तरीके से लड़ाई जारी रखी जाएगी।
26 सितंबर को राजभवन घेरेगी प्रदेश कांग्रेस

रांची। राम मंदिर के नाम पर चंदा चोरी और केंद्र सरकार के एमएमडीआर (खान एवं खनिज) संशोधन बिल के विरोध में राजनीतिक पारा चढ़ने लगा है। इन दोनों मुद्दों को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने 26 सितंबर को रांची में 'लोकभवन मार्च' करने का बड़ा ऐलान किया है।
शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में रांची स्थित पार्टी कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आंदोलन की रणनीति और तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने केंद्र सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता के सामने राम मंदिर के नाम पर हुई चंदा चोरी का सवाल बेहद गंभीर रूप से खड़ा है।
एमएमडीआर संशोधन बिल के जरिए झारखंड के खनिज संसाधनों और उससे मिलने वाले राजस्व पर राज्य के अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।
श्री कमलेश ने कहा कि झारखंड की धरती देश की प्रगति में अहम भूमिका निभाती है। यहां के प्राकृतिक संसाधनों पर राज्य के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आंदोलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए बैठक में कांग्रेस के सभी विभागों एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। जिला और प्रखंड स्तर तक आम जनता और कार्यकर्ताओं से संपर्क साधने, जनसमर्थन जुटाने और अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि 26 सितंबर को निकलने वाला यह मार्च झारखंड के हक और अधिकारों की एक मजबूत आवाज बनेगा।
इस बैठक में मुख्य रूप से सतीश पॉल मुंजनी, गजेंद्र सिंह, यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रमा खलखो और सेवा दल अध्यक्ष नवीन सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
