जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम के अपर नगर आयुक्त के कामकाज पर गंभीर सवाल उठाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने शुक्रवार को नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार और सूडा निदेशक से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी और पत्र भी सौंपा।

सरयू राय ने आरोप लगाया कि मानगो नगर निगम में करोड़ों रुपये की योजनाओं की प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी की गई है। उन्होंने पूर्व में प्रकाशित और प्रक्रिया में आगे बढ़ चुकी निविदाओं को रद्द करने तथा नई दर-सूची जारी होने के बाद भी पुरानी दर-सूची के आधार पर 55 योजनाओं की निविदा निकालने का मामला विभाग के सामने रखा।

विधायक के अनुसार, 13 अप्रैल को तत्कालीन उप नगर आयुक्त ने छह योजनाओं के लिए निविदा जारी की थी। इन योजनाओं की कुल अनुमानित लागत 3 करोड़ 58 लाख 17 हजार 400 रुपये थी। निविदाएं खोली जा चुकी थीं और तुलनात्मक वित्तीय विवरणी भी तैयार हो गई थी। योजनाओं को नगर विकास विभाग से प्रशासनिक स्वीकृति भी मिल चुकी थी।

सरयू राय का आरोप है कि इसके बावजूद वर्तमान अपर नगर आयुक्त ने इन निविदाओं का निष्पादन करने के बजाय उन्हें रद्द कर दिया। इससे आवश्यक योजनाओं का क्रियान्वयन लंबित हो गया। उन्होंने अन्य निविदाओं को रद्द किए जाने को लेकर भी सवाल उठाते हुए विभाग से मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने विधायक को आश्वस्त किया कि वह मानगो नगर निगम के अपर नगर आयुक्त से इस संबंध में जवाब मांगेंगे।