​मेदिनीनगर। बसौरा स्थित पलामू इंजीनियरिंग कॉलेज के मेस में परोसे जा रहे भोजन की घटिया गुणवत्ता और अस्वास्थ्यकर स्थितियों को लेकर गुरुवार को छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। छात्रों ने मेस में जमकर हंगामा किया और आरोप लगाया कि भोजन में आए दिन कीड़े, कांच के टुकड़े, बाल और लोहे के तार निकल रहे हैं। इसके साथ ही रसोईघर और बर्तनों की साफ-सफाई की स्थिति भी बेहद दयनीय है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के निर्देश पर सदर एसडीओ संजय पांडेय, सीओ जागो महतो तथा फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम ने मेस का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान अधिकारियों ने दाल, चावल और लाल मिर्च के नमूने सील कर परीक्षण के लिए स्टेट फूड लैब, नामकुम भेज दिए हैं।

निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई और हाइजीन से जुड़े 10 से 12 बिंदुओं पर गंभीर कमियां पाई गईं।

​एसडीओ ने मेस प्रबंधन की इन गंभीर कमियों पर संबंधित पक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी करने की बात कही है।

छात्रों ने वर्तमान मेस वेंडर को तुरंत हटाने और नए ठेकेदार को जिम्मेदारी देने की मांग की है। दूसरी ओर, वेंडर ने सफाई देते हुए छात्रों पर मेस शुल्क बकाया होने का दावा किया।

​प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए छात्रों के बकाया भुगतान के लिए 30 सितंबर तक की समय-सीमा तय की है। साथ ही अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि यदि निर्धारित समय में मेस की व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो वेंडर के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने अपना आंदोलन फिलहाल स्थगित कर दिया है।