बोकारो। बेरमो स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के कथारा प्रक्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर परियोजना कार्यालय में शुक्रवार को सीबीआई, धनबाद की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। सीबीआई की टीम ने सेवानिवृत्त कर्मचारी के बकाया भुगतान के एवज में 18 हजार रुपये की रिश्वत लेते दो क्लर्कों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गोविंदपुर परियोजना के सर्वे विभाग से सात महीने पहले सेवानिवृत्त हुए कर्मचारी रसूल जमा का सीएमपीएफ और पेंशन का भुगतान लंबे समय से अटका हुआ था।
भुगतान फाइल को क्लीयर करने के एवज में कार्यालय के दो कर्मी मेघलाल महतो और मोहम्मद इम्तियाज
लगातार उनसे रिश्वत की मांग कर रहे थे।
रिश्वत की मांग से परेशान होकर पीड़ित रसूल जमा ने इसकी शिकायत सीबीआई धनबाद से की। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद सीबीआई इंस्पेक्टर रघुनाथ कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे जैसे ही पीड़ित ने तय रकम के अनुसार 18,000 रुपये दोनों क्लर्कों को सौंपे, कार्यालय परिसर में पहले से मुस्तैद सीबीआई टीम ने दोनों को रंगे हाथ दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई टीम दोनों आरोपियों को अग्रिम कागजी कार्रवाई और पूछताछ के लिए धनबाद ले गई है।
