रांची। कांके के भाट बोड़या मैदान में आयोजित कांके विधानसभा स्तरीय करम अखरा महोत्सव–2026 में झारखंड के पूर्व उप मुख्यमंत्री सह आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और कलाकारों व कलाप्रेमियों के साथ सामूहिक नृत्य में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि करम अखरा मात्र एक उत्सव नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने का संकल्प है। संस्कृति हमारी पहचान और सामूहिक चेतना की बुनियाद है। आधुनिकता के दौर में विकास के साथ-साथ अपनी जड़ों और सांस्कृतिक पहचान को बचाए रखना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि दुनिया में कई आधुनिक वाद्य यंत्र हैं, लेकिन नगाड़े की गूंज, मांदर की थाप और ढोल की आवाज में झारखंड की आत्मा बसती है। अखरा केवल नृत्य का स्थान नहीं, बल्कि पीढ़ियों को जोड़ने और समाज को संगठित करने का माध्यम है। उन्होंने नई पीढ़ी को अपनी भाषा, लोकगीत, लोकनृत्य और प्रकृति से जोड़ने पर जोर दिया। साथ ही करम पर्व को भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक बताया।
विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
महोत्सव में पद्मश्री महावीर नायक, आजसू पार्टी के केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी, केंद्रीय सचिव मोहसिन खान, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज़ खान, जिलाध्यक्ष संजय कुमार महतो, जिप अध्यक्ष निर्मला भगत, कार्यकारी अध्यक्ष हकीम अंसारी और पूर्व जिप उपाध्यक्ष पार्वती देवी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गुंजायमान हुआ प्रांगण
आयोजन में हजारों की संख्या में कलाकार, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। मांदर की थाप और पारंपरिक लोकनृत्य की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को झारखंडी संस्कृति के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में लोक कला मंच कांके प्रखंड अध्यक्ष लाल अमन शाहदेव, बुढ़मू प्रमुख सत्यनारायण मुंडा, इग्नेश कुमार, डॉ. मदन, रूपलाल, रूपाश्री गाड़ी, संगीता देवी, सीमा देवी, मीना देवी, सुनीता देवी, जोनी देवी, चुनीया देवी, दुलारी देवी, रेखा देवी, मनोज महतो, रामकृष्ण महतो, राजू नायक, सूरज महतो, रूपलाल महतो, संजय पाहन, रवि महतो और परिबा साहु समेत कई लोगों की सराहनीय भूमिका रही।
