गिरिडीह। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर में गुरुवार को दिनदहाड़े एक युवक ने घर में घुसकर 50 वर्षीय महिला पर चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान राजेंद्र नगर निवासी नीति देवी के रूप में हुई है। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार आरोपी युवक की पहचान संजय के रूप में हुई है, जो पेशे से ऑटो चालक है। बताया जाता है कि करीब एक महीने पहले पैसों के लेन-देन को लेकर उसका महिला के परिवार से विवाद हुआ था।

घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि गुरुवार को आरोपी संजय अचानक उनके घर में दाखिल हुआ और सीधे कमरे में जाकर नीति देवी पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से भागने लगा, लेकिन महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। भाग रहे आरोपी को स्थानीय लोगों ने खदेड़कर पकड़ लिया और घटना की सूचना पुलिस को दी।