दुमका। शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के बादलपाड़ा-कल्याणपुर इलाके में आवंटित कोल ब्लॉक के सर्वे और बोरिंग कार्य को लेकर रविवार देर रात ग्रामीणों का विरोध हिंसक झड़प में बदल गया। ग्रामसभा के दौरान शुरू हुए विवाद के बाद हुए पथराव में एएसआइ समेत करीब 12 पुलिस जवान और कोल कंपनी का एक अधिकारी घायल हो गए। घटनास्थल से पुलिस का एक क्षतिग्रस्त बोलेरो वाहन भी बरामद हुआ है।
जानकारी के अनुसार, बादलपाड़ा-कल्याणपुर में प्रस्तावित कोल ब्लॉक के सर्वे और बोरिंग को लेकर रविवार को ग्रामसभा आयोजित की गई थी, जिसमें कोल कंपनी के अधिकारी भी मौजूद थे। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने कोयला खनन परियोजना का कड़ा विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और ग्रामीणों ने कंपनी के अधिकारियों को बंधक बना लिया।
सूचना मिलते ही शिकारीपाड़ा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन तनाव बढ़ता गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए देर रात दुमका से महिला पुलिसकर्मियों सहित रैप (RAF) के तीन दर्जन से अधिक जवानों को तैनात किया गया। अतिरिक्त बल के पहुंचने के बाद ग्रामीण और उग्र हो गए तथा पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।
पथराव में शिकारीपाड़ा थाना के एएसआइ सोमाय किस्कू, फूल कुमार यादव, आनंद मुर्मू, चार्लेस मुर्मू, सनोज मरांडी, सुजीत सोरेन, अनिल दास, शिवजी यादव, श्याम सुंदर साह, अल्बर्ट एक्का, दीप नारायण मंडल और सुनील हांसदा घायल हो गए। बताया जा रहा है कि एक जवान का पैर टूट गया, जबकि कई अन्य के सिर और शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आईं।
वहीं, कोल कंपनी एचपीजीसीएल का एक अधिकारी भी घायल अवस्था में मिला, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। घटनास्थल पर सड़क के बीच एक पेड़ गिरा हुआ भी मिला, जिससे आवागमन बाधित करने के लिए रास्ता अवरुद्ध किए जाने की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा मौके से एक क्षतिग्रस्त बोलेरो वाहन भी मिला, जिसे पुलिस का वाहन बताया जा रहा है।
झड़प के बाद सभी घायल पुलिसकर्मियों को पहले शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए दुमका स्थित फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (सदर अस्पताल) रेफर किया गया। घटना की सूचना पर डीडीसी सह प्रभारी उपायुक्त अनिकेत सचान अस्पताल पहुंचे, उन्होंने घायल जवानों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कोल ब्लॉक सर्वे को लेकर उपजे इस तनाव ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।
