बोकारो। आई.टी.सी.संगीत रिसर्च अकादमी, कोलकाता एवं भारतीय संगीत कला अकादमी, बोकारो स्टील सिटी के संयुक्त तत्वाधान में बोकारो स्टील प्लांट व ओएनजीसी के सहयोग से शनिवार की शाम सेक्टर 5 स्थित बोकारो क्लब में आयोजित संगीत समारोह में विश्व प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पद्म भूषण पंडित अजय चक्रवर्ती ने अपनी गायकी से समां बांध दिया। संगीत समारोह में मुख्य अतिथि बीएसएल के निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन, उनकी धर्मपत्नी व महिला समिति, बोकारो की अध्यक्ष शुभम रंजन, विशिष्ट अतिथि बीएसएल की अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) राजश्री बनर्जी, अधिशासी निदेशक (संकार्य) अनुप कुमार दत्त, ओएनजीसी बोकारो के एसेट मैनेजर राजीव कुमार सिन्हा, पूर्व डीआईजी जितेन्द्र कुमार सिंह, बीएसएल के पूर्व जीएम श्याम मोहन, बोकारो क्लब के सचिव अशोक कुमार, भारतीय संगीत कला अकादमी के सचिव व कार्यक्रम संयोजक डॉ राकेश रंजन, सह संयोजक अरुण पाठक, अमित कुमार सरकार, अकादमी के संरक्षक अशोक कुमार सिंह, सदस्य माया सिंह, डॉ अरविन्द कुमार, अभिषेक कुमार, आरती रंजन, श्रुति रंजन, तापस सेन गुप्ता सहित अनेक गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की तस्वीर पर माल्यार्पण व पुष्पार्चन के बाद दीप प्रज्ज्वलन से हुई। संगीत समारोह में संगीत प्रस्तुति का आरंभ भारतीय संगीत कला अकादमी के छात्र हर्षित झा के तबला वादन से हुआ। हर्षित ने तबले पर झपताल की प्रस्तुति कर वाहवाही लूटी। इनके साथ हारमोनियम पर नगमा दे रहे थे उमेश कुमार झा। कार्यक्रम की दूसरी प्रस्तुति थी कोलकाता से आए कल्याण मजूमदार का सितार वादन। इन्होंने सितार पर राग बिहाग व राग खमाज की प्रस्तुति से श्रोताओं की दाद पायी। इनके साथ तबले पर संगति दे रहे थे कोलकाता के जयंत सरकार। इन दोनों की प्रस्तुतियों को भी भरपूर प्रशंसा हुई।
कार्यक्रम का खास आकर्षण रहा पद्मभूषण पंडित अजय चक्रवर्ती का गायन। इन्होंने अपने गायन की शुरुआत राग भूपाली से की। इसमें विलंबित एकताल में, मध्यलय तीन ताल में और तराना की प्रस्तुति दी। इसके बाद फिल्म गदर-एक प्रेम कथा में अपना गाया गीत आन मिलो सजना.. (राग खमाज) व ठुमरी आए ना बालम..., बांग्ला गीत घूम आसे ना... की सुमधुर प्रस्तुति के बाद स्तुति सुनाकर सभी श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इनके साथ तबले पर कोलकाता से पधारे सौमेन सरकार व हारमोनियम पर गौरव चटर्जी ने कुशल संगति की जबकि तानपूरा व गायन में साथ दे रहे थे कोलकाता के अनुभव खमारू व बोकारो की साक्षी रंजन। कलाकारों को मुख्य अतिथि बीएसएल के निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन व विशिष्ट अतिथियों ने सम्मानित किया। इस भव्य संगीत समारोह में कुशल मंच संचालन सुरुचि पांडेय व अभिनव बर्मन ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन अकादमी के संरक्षक एम के वर्मा ने किया। इस संगीत समारोह में पं अजय चक्रवर्ती का गायन सुनने के लिए काफी संख्या में संगीत प्रेमी उपस्थित रहे जिनमें बोकारो सहित धनबाद, गिरिडीह, जयशेदपुर, पुरुलिया, पटना, रांची आदि जगहों के श्रोता शामिल थे।
