रांची। जल और अपशिष्ट जल क्षेत्र में भारत के अग्रणी पेशेवर संगठनों में से एक, इंडियन वॉटर वर्क्स एसोसिएशन (आईडब्ल्यूडब्ल्यूए) अपना 59वां वार्षिक सम्मेलन 22 से 24 जनवरी 2027 को बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीआईटी), मेसरा, रांची, झारखंड में आयोजित करेगा। आईडब्ल्यूडब्ल्यूए के उपाध्यक्ष इंजीनियर उमेश मेहता ने इस संबंध में प्रेस वार्ता में जानकारी देते कहा कि तीन दिवसीय इस सम्मेलन की मेजबानी बीआईटी मेसरा के सहयोग से आईडब्ल्यूडब्ल्यूए रांची केंद्र द्वारा की जाएगी। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय कार्यक्रम झारखंड में पहली बार आयोजित किया जा रहा है, जो राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस सम्मेलन का विषय "सतत भविष्य के लिए नवाचार और एआई के माध्यम से स्मार्ट वाटर सॉल्यूशंस" है। इस आयोजन का उद्देश्य जलापूर्ति, अपशिष्ट जल प्रबंधन, स्वच्छता और संबद्ध क्षेत्रों में उभरती चुनौतियों तथा नवीन समाधानों पर विचार-विमर्श करने के लिए विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं, इंजीनियरों, शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों, उद्योग प्रतिनिधियों और प्रौद्योगिकी प्रदाताओं को एक साझा मंच पर लाना है। प्रेस वार्ता में आईडब्ल्यूडब्ल्यूए रांची केंद्र के मानद सचिव एवं आईडब्ल्यूडब्ल्यूए के 59वें वार्षिक सम्मेलन के आयोजन सचिव इंजीनियर प्रमोद कुमार, सम्मेलन के आयोजन सचिव डॉ. कीर्ति अविषेक, डॉ. सतीश कुमार और आयोजन टीम के कोर कमेटी सदस्य डॉ. नरेंद्र यादव भी उपस्थित थे।
आज खास
ब्रेकिंग
