​राँची। झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के अवसर पर आयोजित पखवाड़े के तहत रविवार को राँची जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, नशामुक्ति, आजीविका और सांस्कृतिक विकास से जुड़े विविध कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। पंचायती राज विभाग, उद्यान विभाग, पर्यटन एवं कला संस्कृति विभाग तथा झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के संयुक्त प्रयासों से पूरे जिले में जनकल्याणकारी गतिविधियाँ संपन्न हुईं।

पंचायती राज विभाग के निर्देशानुसार जिले की 305 ग्राम पंचायतों में चिकित्सा जाँच शिविरों का आयोजन किया गया, जहाँ ग्रामीणों की सामान्य स्वास्थ्य जाँच के साथ रक्तचाप, मधुमेह और हीमोग्लोबिन की जाँच कर उचित परामर्श दिया गया। इसके साथ ही जिले के सभी 18 प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी द्वारा पारंपरिक पद धारकों (पहान, मुंडा, परगनैत, मांझी, महतो आदि), पंचायत प्रतिनिधियों और सामाजिक अगुवाओं को अंगवस्त्र व पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।

​किसानों को मिला मधुमक्खी पालन का प्रशिक्षण

जिला उद्यान कार्यालय द्वारा इटकी प्रखंड में किसानों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मधुमक्खी पालन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रत्येक लाभार्थी किसान को 20 मधुमक्खी पालन बॉक्स, मधुमक्खी सहित हाइव, शहद निकालने की मशीन (हनी एक्सट्रैक्टर) और अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।

​पलाश-जेएसएलपीएस के तहत महिला सशक्तीकरण व पशुपालन पर जोर

ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के लिए जेएसएलपीएस द्वारा विभिन्न प्रखंडों में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम चलाए गए:

​शेयर प्रमाणपत्र वितरण: नगड़ी प्रखंड में नारो क्लस्टर लेवल फेडरेशन द्वारा स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की शेयरधारक दीदियों को शेयर प्रमाणपत्र वितरित किए गए।

​पशुधन टीकाकरण: जिले के विभिन्न प्रखंडों में अभियान चलाकर कुल 1,216 बकरियों का डीवर्मिंग और टीकाकरण किया गया।

​वित्तीय व सत्यापन शिविर: वित्तीय पारदर्शिता के लिए 95 एसएचजी कट-ऑफ और 42 ग्राम संगठन ट्रांजैक्शन शिविर लगाए गए, जबकि आधार आधारित e-KYC अभियान के तहत 1,425 लाभार्थियों का सत्यापन पूरा किया गया।

​जागरूकता और गोद भराई: नुक्कड़ नाटक और रैलियों के माध्यम से जेंडर समानता व नशामुक्ति का संदेश दिया गया। वहीं, विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में गर्भवती महिलाओं के लिए गोद भराई कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें संतुलित आहार और पोषण वाटिका के प्रति जागरूक किया गया।

​नागपुरी सुरों के साथ ऑड्रे हाउस में सांस्कृतिक महोत्सव का भव्य समापन

सांस्कृतिक पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत ऑड्रे हाउस में चल रहे दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का रविवार को रंगारंग समापन हो गया। पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के तत्वावधान में आयोजित अंतिम दिन की नागपुरी गीत प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने लोकगीत और वाद्य संगीत की मनमोहक प्रस्तुति दी।

​प्रतियोगिता में प्रसिद्ध नागपुरी पुरोधा शिव शंकर महली, मनपूरन नायक और देवदास विश्वकर्मा ने निर्णायक की भूमिका निभाई। जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि मंच संचालन डॉ. कमल बोस ने किया। समापन पर जूरी सदस्यों डॉ. कमल बोस और आशुतोष द्विवेदी ने निर्णायक मंडल को सम्मानित किया। इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागी अब आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में राँची का प्रतिनिधित्व करेंगे।