मेदिनीनगर। जेल से छूटे अपराधियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के लिए पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों व पुलिस अधिकारियों को निर्देश दे रखा है। इसके तहत सदर एसडीपीओ राजेश यादव के नेतृत्व में सदर थाना क्षेत्र के पहाड़ी मुहल्ला में रविवार को देर शाम अपराधियों का सत्यापन करने के लिए सदल बल के साथ पुलिस पहुंची। जहां पर बंटी राईन, शारूक अली, बिक्की राईन के घर पहुंच कर पुलिस ने लोगों से पूछताछ किया। साथ ही आवश्यक दिशा निर्देश दिये गए। जबकि शारूक अली घर पर नहीं था। उसके परिजनों से पूछताछ किया गया तो पता चला कि वह बाजार गया है। सदर एसडीपीओ राजेश यादव ने बताया कि अपराधियों की गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। उनके घरों पर पहुंच कर उसकी गतिविधि की जानकारी ली गयी है। हिदायत दिया गया है कि भविष्य में गलती का पुनरावृत्ति ना करें। इसी दौरान पुलिस ने पांच नाबालिगों को बाईक चलाते पकड़ा। जिन्हें थाना लाया गया। इस दौरान हदीश अहमद खान एयर गन राईफल कंधा पर लेकर मुहल्ले से गुजर रहा था। जिसे पुलिस ने रोककर उससे पूछताछ कर थाना लाया। जहां पर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार द्वारा पूछताछ करने व एयर गन के कागजातों की मांग कर उसकी जांच की गयी। इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि सभी मोटरासाईकिल का चालान काटा जायेगा। साथ ही एयर गन रखने वाले व्यक्ति से पूछताछ करने के बाद छोड़ दिया जायेगा।
जिला
ब्रेकिंग
