सुधाकर
"किसके सहारे अब इस भीड़ में चलूँगा मैं,
माँ के बिना तो हर ख़ुशी में भी जलूँगा मैं।
दुनिया कहती है वक़्त हर ज़ख़्म भर देता है,
पर माँ के जाने का ख़ला कैसे भरूँगा मैं?"
देश के सबसे सफल आदिवासी नेताओं में शुमार पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अर्जुन मुंडा जी ने आज अपने जीवन की सबसे अनमोल पूंजी—अपनी माँ को खो दिया है। उनकी पूजनीय माताजी सायरा मुंडा जी 93 वर्ष की आयु में अपने भरे-पूरे परिवार को छोड़कर परलोक सिधार गईं। उनका जाना न केवल परिवार के लिए, बल्कि हम सभी के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
मुझे मुंडा जी के साथ लगभग 11 वर्षों तक उनके सलाहकार के रूप में कार्य करने का सौभाग्य मिला, और इस दौरान मैंने माँ-बेटे के इस अलौकिक रिश्ते को बेहद करीब से देखा। मुंडा जी की सुबह हमेशा अपनी माँ से ही शुरू होती थी। वे देश-दुनिया के किसी भी कोने में रहें, स्नान के पश्चात पूजा से पहले अपनी माँ को फोन कर उनका हालचाल लेना और उन पर स्नेह बरसाना उनकी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा था। उधर से माँ का आशीर्वाद मानो उनके पूरे दिन की ऊर्जा बन जाता था।
पर्व-त्योहारों के अवसर पर माँ का आशीर्वाद लेना और उनसे उस पर्व से जुड़े पारंपरिक गीत सुनने की फरमाइश करना मुंडा जी को बेहद प्रिय था। मैंने जब भी माताजी के दर्शन किए, उनके चेहरे पर सदैव एक सौम्य मुस्कान, संतोष और वात्सल्य का भाव दिखा। पिछले कुछ वर्षों से अस्वस्थता के कारण वे बिस्तर पर थीं, लेकिन तब भी चरण स्पर्श करने पर वे अपनी उसी स्नेहिल मुस्कान के साथ आशीर्वाद देना नहीं भूलती थीं।
कुछ ही समय पहले सोशल मीडिया पर मुंडा जी का एक बेहद मार्मिक वीडियो सामने आया था, जिसमें वे अपनी अस्वस्थ माँ के बिस्तर के पास बैठकर बांसुरी बजा रहे थे और धुन समाप्त होते ही माँ का काँपता हुआ हाथ आशीर्वाद स्वरूप उनके सिर पर आ टिका था। वहीं, माताजी के 90वें जन्मदिन पर मुंडा जी द्वारा साझा किया गया वह 20 सेकंड का वीडियो भला कौन भूल सकता है, जब बीमारी के बावजूद उन्हें प्रकृति पर्व 'करमा' और भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से जुड़े गीत की पंक्तियाँ कंठस्थ थीं। एक सफल बेटे और अपनी जड़ों से जुड़ी माँ के बीच का वह संवाद हर किसी को भावुक कर गया था।
माता सायरा मुंडा का जीवन संघर्ष और स्वाभिमान की एक मिसाल था। बचपन में ही पिता स्वर्गीय गणेश मुंडा जी का साया उठ जाने के बाद, उन्होंने खेतों में काम और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण किया। बाद में बेटे के देश के सर्वोच्च पदों पर पहुँचने के बावजूद उन्होंने अपनी सादगी और अतीत के मूल्यों को कभी नहीं छोड़ा। वे एक आदर्श मध्यमवर्गीय परिवार की मुखिया की तरह बेहद व्यावहारिक रहीं।
मुंडा जी अक्सर अपनी माँ के किस्से सुनाया करते थे। वे हिसाब की बेहद पक्की थीं और पाई-पाई का हिसाब रखती थीं। फिजूलखर्ची से कोसों दूर रहने वाली माताजी अपनी छोटी-छोटी बचत से जरूरतमंदों की मदद करती थीं—कभी किसी गरीब बेटी के विवाह में सहयोग देकर, तो कभी किसी के इलाज का खर्च उठाकर।
बेटे-बेटियों, नाती-पोतों से भरे-पूरे विशाल परिवार की वे धुरी थीं। आज उस आँगन का केंद्रबिंदु सूना हो गया है। अर्जुन मुंडा जी के सफल राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन के पीछे जो सबसे बड़ी अदृश्य शक्ति और प्रेरणा थीं, आज वह उन्हें छोड़कर अनंत यात्रा पर चली गई हैं।
