गिरिडीह। रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने जैन तीर्थयात्रियों की यात्रा को मातम में बदल दिया। पारसनाथ पर्वत पर दर्शन करने के बाद लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बस मधुबन के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में सूरत निवासी एक दंपती—बाबूलाल वंशराज जैन और उनकी पत्नी बदामी देवी—की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार सूरत से लगभग 50 जैन श्रद्धालुओं का जत्था पारसनाथ दर्शन के लिए गिरिडीह आया था। दर्शन के बाद सभी श्रद्धालु बस से टाटानगर रेलवे स्टेशन जाने के लिए निकले थे। इसी क्रम में मधुबन से निकलने के करीब एक किलोमीटर के भीतर चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित बस पहले सड़क किनारे एक पेड़ से टकराई और फिर पास के गड्ढे में जा पलटी।

​घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही डुमरी एसडीपीओ आबिद खान के नेतृत्व में मधुबन और पीरटांड़ थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।

​सभी घायलों को तत्काल पीरटांड़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया। डुमरी एसडीपीओ आबिद खान ने हादसे में दो लोगों की मौत और करीब एक दर्जन यात्रियों के घायल होने की पुष्टि की है। घायलों का उपचार जारी है।