देवघर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की संथाल परगना प्रमंडलीय बैठक रविवार को देवघर स्थित जिला कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया और कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को जो भी दायित्व सौंपा गया है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और सेवा भावना के साथ करें।
आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि हेमंत सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और इसका जवाब मजबूत संगठन के जरिए दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में हेमंत सोरेन की सरकार माफियाओं द्वारा चलाई जा रही है तथा चारों ओर लूट और भ्रष्टाचार का माहौल है। किसान, महिला, युवा और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सरकार गंभीर नहीं है, जबकि प्रखंड कार्यालय और थानों में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे भ्रष्टाचारी सरकार की विफलताओं के खिलाफ धरना-प्रदर्शन तेज करें।
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक मजबूती का मंत्र दिया। उन्होंने बूथ कमेटी से लेकर शक्ति केंद्र, मंडल और जिला स्तर तक की समितियों को सुदृढ़ करने तथा जल्द से जल्द पूरे संगठन को तैयार करने का निर्देश दिया। वहीं, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने भी संगठन के विस्तार और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।बैठक की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष व संथाल परगना प्रभारी बालमुकुंद सहाय ने की, जबकि संचालन भाजपा जिलाध्यक्ष सचिन रवानी ने किया।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोरेन, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, मनोज सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभय कांत प्रसाद, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, कृष्णा महतो, प्रदेश प्रवक्ता रणधीर सिंह, अमित मंडल, विलियम मरांडी, पूर्व विधायक लोबिन हेंब्रम, सीता सोरेन, अशोक भगत, बाटुल झा, नारायण दास, बजरंगी यादव, जिला अध्यक्ष सुमित शरण, रूपेश मंडल, लक्ष्मी चक्रवर्ती सहित जिला पदाधिकारी, प्रदेश कार्य समिति सदस्य, विशेष आमंत्रित सदस्य, मोर्चा जिला अध्यक्ष और सभी मंडल प्रवासी उपस्थित रहे।
