चतरा। चतरा जिले के इटखोरी प्रखंड के करनी गांव में रविवार को सल्फास की जहरीली गैस की चपेट में आने से चार माह के एक मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे बेहोश हो गए। बेहोश बच्चों की पहचान आकाश कुमार (10) और आरुषि कुमारी (8) के रूप में हुई है। दोनों का इलाज हजारीबाग सदर अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों बच्चों की स्थिति अब खतरे से बाहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महेश यादव की पत्नी ने गेहूं से भरी बाल्टी में कीटनाशक दवा (सल्फास) डालकर उसे शयनकक्ष में रख दिया था। रात में तीनों भाई-बहन उसी कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान सल्फास से निकली जहरीली गैस की चपेट में आने से तीनों की तबीयत बिगड़ गई, उन्हें उल्टी होने लगी और वे बेहोश हो गए।
घटना के बाद परिजन तीनों बच्चों को तत्काल इलाज के लिए हजारीबाग ले गए। वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने चार माह के मासूम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, आकाश कुमार और आरुषि कुमारी को हजारीबाग सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों बच्चों की हालत में सुधार है और वे खतरे से बाहर हैं।
