रांची/सिमडेगा। झारखंड की पूर्व मंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता विमला प्रधान के निधन से पूरे राज्य और विशेषकर सिमडेगा जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं और रांची स्थित एक निजी अस्पताल में उनका इलाज जारी था, जहां शुक्रवार रात उन्होंने अंतिम सांस ली।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज रांची के लोअर करमटोली (रोड नंबर-2) स्थित दिवंगत विमला प्रधान के आवास पहुंचे। उन्होंने पूर्व मंत्री के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उनका ढांढस बंधाया।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में अंतिम दर्शनः दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए भाजपा प्रदेश कार्यालय लाया गया, जहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात पार्थिव शरीर को उनके सिमडेगा स्थित आवास के लिए रवाना कर दिया गया, जहां स्थानीय लोग और समर्थक उनके अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

कल बगडांड घाट पर होगा अंतिम संस्कारः विमला प्रधान की अंतिम यात्रा का कार्यक्रम तय कर दिया गया है। रविवार (कल) सुबह 9 बजे उनके सिमडेगा स्थित आवास से अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद पार्थिव शरीर को बगडांड घाट ले जाया जाएगा, जहां पूरे राजकीय सम्मान और विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न होगा।