मेदिनीनगर। कार्तिक कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी (धनतेरस) के अवसर पर पलामू जिले में जमकर खरीदारी हुई। मान्यतानुसार भगवान धनवंतरी के प्रकट दिवस पर लोगों ने सुख-समृद्धि के लिए बर्तन, सोने-चांदी के जेवरात, इलेक्ट्रॉनिक्स और वाहनों की खरीदारी की। बाजारों में उमड़ी भारी भीड़ से इस वर्ष पलामू जिले में लगभग 65 से 70 करोड़ रुपये का अनुमानित कारोबार हुआ, जिसने पिछले वर्षों के रिकॉर्ड तोड़ दिए।

धनतेरस पर गाड़ियों का जबरदस्त क्रेज देखने को मिला। जिले में लगभग 800 दोपहिया और 300 चार पहिया व मालवाहक वाहन बेचे गए। महिंद्रा (स्कॉर्पियो, बोलेरो), टाटा (नेक्सॉन) और बजाज (पल्सर) जैसे ब्रांड्स की मांग सबसे अधिक रही। शो-रूम संचालकों ने पहले से बुक गाड़ियों की डिलीवरी के साथ ग्राहकों को विशेष उपहार भी प्रदान किए।

सोने-चांदी की बढ़ी कीमतों के बावजूद ग्राहकों का उत्साह कम नहीं हुआ। जेवरातों के अलावा विक्टोरिया के चांदी के सिक्कों की मांग अधिक रही। इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों पर वाशिंग मशीन और फ्रिज जैसे उत्पादों की बंपर बिक्री दर्ज की गई।

स्टील, पीतल और कांसा निर्मित बर्तनों के अलावा पूजा सामग्री, गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां और झाड़ू की बिक्री भी जमकर हुई।

त्योहारों पर भीड़भाड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट पर रखा। सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए विशेष उपाय किए गए।