रांची।झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी द्वारा हाल ही में देश की संप्रभुता, सुरक्षा बलों और लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ दिए गए कथित विवादित बयान को लेकर राज्य में राजनीतिक घमासान मच गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस बयान को देश में अराजकता फैलाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को खुलेआम चुनौती देने की साजिश करार दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने रांची के अरगोड़ा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए मंत्री के खिलाफ तुरंत एफआईआर (FIR) दर्ज करने की मांग की है।
विवाद की शुरुआत हाल ही में दिल्ली में आयोजित एक विरोध प्रदर्शन और उसके बाद आए मंत्री इरफान अंसारी के बयानों से हुई। मीडिया रिपोर्ट्स और भाजपा की शिकायत के अनुसार, डॉ. इरफान अंसारी ने एक सार्वजनिक मंच और मीडिया बातचीत में दावा किया था कि देश के विभिन्न वर्गाें के साथ करीब 40 लाख युवा सड़कों पर उतरने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
मंत्री ने यह भी कहा था कि इन युवाओं को फिलहाल कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रोक रखा है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा था कि यदि केंद्र सरकार ने समय रहते कदम नहीं उठाए, तो भारत के हालात बांग्लादेश और नेपाल के हिंसक तख्तापलट से भी बदतर हो जाएंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने भारतीय सेना और सुरक्षा बलों को लेकर भी आपत्तिजनक और चुनौती देने वाली भाषा का इस्तेमाल किया था।
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश के नेतृत्व में पार्टी के प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अरगोड़ा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। भाजपा ने मांग की है कि डॉ. इरफान अंसारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की विभिन्न गंभीर धाराओं (जैसे धारा 152, 153, 196, 351 और 352) तथा आईटी एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाए।
थाने के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए दीपक प्रकाश ने कांग्रेस पार्टी और हेमंत सोरेन सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इरफान अंसारी का यह बयान कोई व्यक्तिगत बयान नहीं है, बल्कि यह कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व, विशेषकर राहुल गांधी के इशारे पर रची गई एक सोची-समझी अराजकता की साजिश है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने इस मामले में सख्त कानूनी कदम नहीं उठाया, तो भाजपा पूरे राज्य में सड़कों पर उतरकर चरणबद्ध आंदोलन करेगी।
इस बयान के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राजधानी रांची समेत झारखंड के कई जिलों में उग्र प्रदर्शन किया और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का पुतला फूंका। रांची के डीपीएस के पास भी पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आड़े हाथों लेते हुए स्पष्ट जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन यह स्पष्ट करें कि क्या वे अपने मंत्री इरफान अंसारी के इस देशविरोधी और अराजक बयान से सहमत हैं? यदि वे सहमत नहीं हैं, तो उन्हें तत्काल प्रभाव से मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाना चाहिए।
श्री बाउरी ने आगे कहा कि संवैधानिक पद पर बैठकर इस तरह की भाषा का प्रयोग करना देश की आंतरिक सुरक्षा, सेना और मजबूत लोकतांत्रिक संविधान पर सीधा प्रहार है। इस राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में प्रदेश संगठन नेतृत्व के अलावा कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
