रांची। राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची में पीजी (पोस्ट ग्रेजुएट) की सीटों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) द्वारा जारी शैक्षणिक सत्र 2026-27 की अद्यतन पीजी ब्रॉड स्पेशियलिटी सीट मैट्रिक्स के अनुसार, रिम्स में पीजी की कुल सीटें 176 से बढ़कर 212 हो गई हैं। इस प्रकार संस्थान को 36 अतिरिक्त पीजी सीटों की स्वीकृति प्राप्त हुई है। सीटों में यह वृद्धि मुख्य रूप से सात विभागों में हुई है। इनमें एनेस्थीसियोलॉजी में 8, कम्युनिटी मेडिसिन में 6, माइक्रोबायोलॉजी में 6, जनरल मेडिसिन में 5, एनाटॉमी में 4, फार्माकोलॉजी में 4 तथा फिजियोलॉजी में 3 अतिरिक्त सीटें शामिल हैं। इस उपलब्धि से राज्य के अधिकाधिक प्रतिभाशाली चिकित्सा स्नातकों को विशेषज्ञ चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। भविष्य में ये विशेषज्ञ चिकित्सक झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने, गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने तथा राज्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। रिम्स प्रबंधन के अनुसार, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) अजय कुमार सिंह, रिम्स निदेशक प्रो. (डॉ.) दीपेन्द्र कुमार सिन्हा के दूरदर्शी नेतृत्व, सतत प्रयासों, सकारात्मक पहल और सक्रिय मार्गदर्शन से यह महत्वपूर्ण उपलब्धि संभव हो सकी है। निदेशक ने डीन एकेडेमिक्स एवं उनकी पूरी टीम के साथ-साथ रिम्स के सभी चिकित्सकों, विभागाध्यक्षों, शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों की पूरी टीम की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी है।