​रांची। आजसू प्रमुख और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो एवं केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत ने आदिवासी नेत्री निशा कुमारी भगत की आत्महत्या की घटना को हृदयविदारक बताते हुए हेमंत सरकार को कटघरे में खड़ा किया है।

​उन्होंने कहा कि निशा भगत द्वारा लाइव आकर सरकार व प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाना और फिर आत्महत्या जैसा कदम उठाना पूरे झारखंड की अंतरात्मा को झकझोर देने वाला है। श्री महतो ने घटना की निष्पक्ष, उच्चस्तरीय और समयबद्ध जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए और मृतका को न्याय मिलना चाहिए।

बाबूलाल मरांडी का हेमंत सरकार पर हमला, सीबीआई जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग


​रांची।नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की आत्महत्या के मामले को लेकर हेमंत सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इसे आदिवासी समाज की उम्मीदों पर प्रहार बताया है।

​ श्री मरांडी ने आरोप लगाया कि राज्य में जमीन दलालों को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है और अजय तिर्की जैसे लोग सक्रिय हैं।उन्होंने पिठौरिया थाने के संबंधित दरोगा और अजय तिर्की की तत्काल गिरफ्तारी के साथ-साथ पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री कानून-व्यवस्था संभालने में असमर्थ हैं, तो उन्हें पद छोड़ देना चाहिए। निशा भगत को सच्ची श्रद्धांजलि तभी मिलेगी जब आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।