रांची। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने शुक्रवार को राज्य के सभी जिलों के निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों (इआरओ), सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों एवं उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। इस दौरान मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत प्राप्त आवेदनों के निष्पादन एवं सुनवाई की प्रक्रिया की समीक्षा की। के रवि कुमार ने निर्देश दिया कि गहन पुनरीक्षण के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने तथा फॉर्म-8 के माध्यम से मतदाता सूची में सुधार एवं स्थानांतरण के लिए प्राप्त आवेदनों का जल्द से जल्द निष्पादन किया जाए। विधानसभावार समीक्षा एवं निरीक्षण के क्रम में अधिक आवेदन लंबित रखने वाले निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए गए। के. रवि कुमार ने स्पष्ट किया कि निर्धारित प्रक्रिया एवं उचित कारण के बिना ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किसी भी मतदाता का नाम नहीं काटा जाना चाहिए। उन्होंने युवा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने तथा इसीआईनेट ऐप के जरिए अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को निर्वाचन सेवाओं से जोड़ने का निर्देश दिया।
आज खास
ब्रेकिंग
