मेदिनीनगर। शहर थाना क्षेत्र के तीनकोनिया रोड स्थित प्रधान डाकघर के पास बीते बुधवार को एक महिला से हुई चार लाख रुपये की लूट की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर लूटी गई पूरी चार लाख रुपये की राशि भी बरामद कर ली है।

इस संबंध में सदर एसडीपीओ राजेश यादव ने एक प्रेस वार्ता में पूरे मामले की जानकारी दी। एसडीपीओ राजेश यादव ने बताया कि चैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सलतुआ निवासी भोला साव की पत्नी ललिता देवी अपने ससुर के साथ पंजाब नेशनल बैंक से चार लाख रुपये निकालकर वापस अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान बैंक में मजदूरी का काम कर रहे हैदर अंसारी की नजर महिला पर पड़ी। जैसे ही महिला तीनकोनिया रोड स्थित प्रधान डाकघर के पास पहुंची, आरोपी हैदर अंसारी ने उसके झोले पर हाथ मारकर चार लाख रुपये से भरा बैग झपट लिया और फरार हो गया।

घटना के बाद पीड़िता ललिता देवी ने शहर थाना में इसकी शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने सदर एसडीपीओ राजेश यादव ने छापेमारी टीम का गठन कर सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की। इसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुदागा खुर्द निवासी निजाम अंसारी के पुत्र हैदर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी हैदर अंसारी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लूट गए चार लाख रुपये भी बरामद कर लिए हैं।