​धनबाद। वासेपुर के फरार कुख्यात अपराधी प्रिंस खान से जुड़े संगठित आपराधिक नेटवर्क और उसके कथित विदेशी संपर्कों की जांच तेज हो गई है। इसी सिलसिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम गुरुवार को धनबाद पहुंची। केंद्रीय जांच टीम ने धनबाद पुलिस के वरीय अधिकारियों से मुलाकात कर प्रिंस खान से जुड़े आपराधिक मामलों, उसके सहयोगियों और पूरे नेटवर्क से संबंधित दस्तावेज व जानकारियां जुटानी शुरू कर दी हैं।

जांच एजेंसी का मुख्य फोकस प्रिंस खान के कथित पाकिस्तान कनेक्शन और प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से संपर्क के आरोपों पर है। सूत्रों के अनुसार ​विदेश में फरारी के दौरान प्रिंस खान के पाकिस्तान से जुड़े कुछ संदिग्ध लोगों के संपर्क में आने की बात सामने आई है।

​जांच में पाकिस्तानी महिला फोजिया बलोच और उसके जीजा तौकिर बलोच का नाम भी सामने आ रहा है।​दावों के अनुसार तौकिर बलोच के जरिए ही प्रिंस खान की पहुंच प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े लोगों तक बनी थी।​हालांकि, इन गंभीर आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और एनआईए उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हर पहलू की गहन जांच कर रही है।

एनआईए की जांच केवल विदेशी संपर्कों तक सीमित नहीं है, बल्कि उसके पूरे संगठित आपराधिक साम्राज्य को खंगाला जा रहा है।वासेपुर में मौजूद उसके गुर्गों, सहयोगियों और पुराने संपर्कों की सूची तैयार की जा रही है।

गैंग को मिलने वाली आर्थिक मदद, रंगदारी के खेल और लेन-देन की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है।झारखंड के अन्य जिलों में प्रिंस खान के खिलाफ दर्ज मामलों और नेटवर्क के एक्टिव मेंबर्स की जानकारी भी जांच में शामिल की गई है।

धनबाद पुलिस फरार गैंगस्टर प्रिंस खान और उसके नेटवर्क से संबंधित उपलब्ध सभी जानकारियां केंद्रीय एजेंसी के साथ साझा की जा रही हैं।