रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को रांची में उग्र प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला स्कूल से कांग्रेस कार्यालय तक जुलूस निकाला और कांग्रेस कार्यालय का घेराव करते हुए कांग्रेस व गांधी परिवार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इस प्रदर्शन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर बावरी समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी समझ चुकी है कि देश की जनता उसे पूरी तरह नकार चुकी है। इसी झुंझलाहट में कांग्रेस अध्यक्ष प्रधानमंत्री के स्वर्गीय पिता पर अमर्यादित टिप्पणियाँ कर रहे हैं। कभी राहुल गांधी प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठते हैं तो कभी उनके नेता अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं। इन हरकतों से कांग्रेस जनता का विश्वास वापस नहीं पा सकती।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि लगातार चुनावी हार की हताशा में कांग्रेस अपनी राजनीतिक मर्यादाएँ लांघ रही है। लोकतंत्र में जनता का विश्वास गाली-गलौज से नहीं, बल्कि जनसेवा और सकारात्मक राजनीति से अर्जित किया जाता है।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने इस अवसर पर कहा कि कांग्रेस नेताओं की भाषा और कार्यशैली अब राजनीतिक दल जैसी नहीं, बल्कि माफिया प्रवृत्ति जैसी हो गई है। जिस भाषा का प्रयोग कभी गुंडे-मवाली करते थे, आज वही भाषा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बोल रहे हैं।
अमर बाउरी ने कहा कि 70 सालों तक देश पर राज करने वाली पार्टी अब जनता की नजरों से गिर चुकी है। चुनावी हार की खीझ अब पीएम और उनके परिजनों पर उतारी जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रशासन द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को पार कर कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ने का प्रयास किया, जिससे पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोक-झोंक हुई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ नारेबाजी की, वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी पलटवार करते हुए भाजपा और पीएम मोदी पर सवाल उठाए।
तनाव तब और बढ़ गया जब कांग्रेस कार्यालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ता भी हाथों में लाठियाँ लेकर मुस्तैद नज़र आए। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से इलाके में कुछ समय के लिए स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई। हालाँकि, मौके पर तैनात पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
