मेदिनीनगर। झालसा के दिशा-निर्देश और पलामू के प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश राधा कृष्ण के मार्गदर्शन में सोमवार को सदर प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में 'सुरक्षित बचपन अभियान' के तहत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह अभियान 26 से 31 अक्टूबर तक चलने वाले अखिल भारतीय विद्यालय जागरूकता अभियान का हिस्सा है।

कार्यक्रम में एलएडीसी के डिप्टी चीफ संतोष कुमार पांडेय ने बच्चों के अधिकार, बाल संरक्षण, यौन अपराधों से बचाव और उपलब्ध कानूनी प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी दी।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से पीड़ित बच्चों को मुफ्त वकील और शारीरिक व मानसिक पुनर्वास के लिए वित्तीय मुआवजे का प्रावधान है।

एलएडीसी के असिस्टेंट उत्तम कुमार ने गुड टच व बैड टच, ऑनलाइन उत्पीड़न और आपातकालीन हेल्पलाइन की जानकारी दी। इस दौरान कुमारी नीतू सिंह और पीएलवी विनय प्रसाद ने भी बाल संरक्षण पर विचार रखे। कार्यक्रम में वार्डन, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।