​रांची। मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय (कांके रोड, रांची) में सोमवार को मुंडा समाज के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मुलाकात कर अपनी ज्वलंत समस्याओं से अवगत कराया।

​तमाड़ विधायक विकास मुंडा की मौजूदगी में आयोजित इस मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि तमाड़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बुंडू अंचल की छह पंचायतों के कुल 18 गांवों के ऑनलाइन खतियान में तकनीकी त्रुटि के कारण जाति के कॉलम में ‘मुंडा’ की जगह ‘स्वासी’ दर्ज हो गया है।

​प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को बताया कि ऑनलाइन खतियान में गलत जाति अंकित होने के कारण स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं को जाति प्रमाणपत्र, शैक्षणिक कार्यों और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समाज ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि खतियान के रिकॉर्ड में शीघ्र सुधार कराते हुए ‘स्वासी’ के स्थान पर पुनः ‘मुंडा’ दर्ज करने की व्यवस्था की जाए।

​मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि इस प्रशासनिक व तकनीकी त्रुटि के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर नियमानुसार शीघ्र और आवश्यक कार्रवाई की पहल की जाएगी।