मेदिनीनगर। आत्मा योजना के तहत पलामू जिले के 50 किसानों का एक दल सोमवार को पांच दिवसीय अंतरराज्यीय अध्ययन भ्रमण (26 से 30 अक्टूबर) के लिए ओडिशा रवाना हुआ। समाहरणालय परिसर से जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह दल ओडिशा के कटक स्थित सेंट्रल राइस रिसर्च इंस्टीट्यूट का दौरा करेगा। भ्रमण के दौरान किसान धान की उन्नत किस्मों, आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों की जानकारी हासिल करेंगे।
उपायुक्त ने बताया कि इस परिभ्रमण का मुख्य उद्देश्य किसानों को नवीन कृषि तकनीकों से अवगत कराना है, ताकि वे वापस लौटकर पलामू में उन्नत और वैज्ञानिक तरीके से खेती कर सकें। इस अवसर पर कृषि विभाग के उप परियोजना निदेशक जावेद, प्रकाश रंजन सिंह, शशि रंजन समेत कई अधिकारी उपस्थित थे।
