बोकारो। ब्रह्मर्षि परिवार, बोकारो की ओर से शनिवार को सेक्टर-4 स्थित बोकारो जनरल अस्पताल के समीप डॉ. श्रीकृष्ण सिंह प्रतिमा स्थल पर बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती मनाई गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने उनके जीवन से राष्ट्रसेवा, सुशासन, सामाजिक एकता और जनकल्याण की प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता आयोजक मंडल के वरिष्ठ सदस्य कमलेश राय ने की। मुख्य अतिथि विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं झारखंड प्रांत के पूर्व संघचालक डॉ. जगन्नाथ शाही थे। विशिष्ट अतिथि झारखंड राज्य सहकारी बैंक की अध्यक्ष विभा सिंह और सम्मानित अतिथि झारखंड सरकार के पूर्व संयुक्त निबंधक, सहकारिता जयदेव सिंह उपस्थित रहे।

डॉ. जगन्नाथ शाही ने कहा कि श्रीकृष्ण सिंह का जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पण और जनहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों को केवल याद करने के बजाय अपने आचरण और सामाजिक जीवन में अपनाना चाहिए। विभा सिंह ने सहकारिता, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के लिए सामूहिक प्रयासों को जरूरी बताया। वहीं, जयदेव सिंह ने समाज के लोगों से एकजुट होकर जरूरतमंदों की सहायता करने की अपील की।

वक्ताओं ने कहा कि श्रीकृष्ण सिंह ने अविभाजित बिहार के औद्योगिक, शैक्षणिक और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी दूरदर्शिता और सुशासन के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। कार्यक्रम का संचालन देवनारायण सुधांशु ने किया, जबकि ब्रज किशोर सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

मौके पर प्रमोद सिंह, प्रेम कुमार, श्याम मनोहर सिंह, पीयूष राय, सुधीर कुमार, विकास ठाकुर, दीपक मिश्रा, अनुरंजन शर्मा, पंकज कुमार, संजय कुमार, हरिओम, सर्वेश चौधरी, सुनील कुमार, किशुन पांडेय, प्रमोद कुमार, नवल शर्मा, अवधेश सिंह, मदन सिंह सहित ब्रह्मर्षि परिवार के सैकड़ों सदस्य मौजूद थे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और ‘बिहार केसरी अमर रहें’ के नारों के साथ हुआ।