हजारीबाग। स्थानीय सदर अस्पताल में प्रसव के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। घटना से आक्रोशित परिजनों और समर्थकों ने डिस्ट्रिक्ट बोर्ड चौक पर शव को सड़क के बीचों-बीच रखकर जाम लगा दिया। इस प्रदर्शन के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
परिजनों का आरोप है कि चरही क्षेत्र की रहने वाली महिला को प्रसव के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के तुरंत बाद जच्चा और बच्चा दोनों की स्थिति सामान्य बताई गई थी, लेकिन इसके बाद स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा एक इंजेक्शन दिए जाने के महज 10 मिनट के भीतर महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि महिला की हालत नाजुक होने के बावजूद ड्यूटी पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मी इलाज करने के बजाय मोबाइल पर रील देखने में व्यस्त रहे।
भीम आर्मी के प्रतिनिधियों और परिजनों के नेतृत्व में हो रहे इस प्रदर्शन के दौरान पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का आर्थिक मुआवजा, परिवार के एक आश्रित सदस्य को सरकारी नौकरी,पूरी घटना की निष्पक्ष जांच और लापरवाही के लिए जिम्मेदार डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ तत्काल एफ.आई.आर. दर्ज करने की मांग की गई है।
