रांची। धुर्वा (सेक्टर-3, एफ-44) स्थित सरकारी आवास को खाली कराए जाने की कार्रवाई पर बड़कागांव की पूर्व विधायक और कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव अंबा प्रसाद का गुस्सा फूट पड़ा है। प्रशासन द्वारा आवास खाली कराने की कोशिशों के बीच उन्होंने विरोध स्वरूप आवास के बाहर ही टेंट लगा लिया है।
इस पूरे घटनाक्रम पर अपनी गहरी नाराजगी और चिंता जताते हुए अंबा प्रसाद ने कहा कि एक पूर्व जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह का व्यवहार बेहद अशोभनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें अपनी ही सरकार में बेघर कर दिया गया है।
अंबा प्रसाद के अनुसार अपनी सरकार के कार्यकाल में उनके साथ पक्षपात किया जाना कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी बड़कागांव स्थित उनके घर को जबरन तोड़ दिया गया था और अब दीपावली की पूर्व संध्या पर उन्हें अपने ही आवास के बाहर टेंट लगाकर रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार भवन निर्माण विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम दिन में उनके धुर्वा स्थित आवास पर ताला खुलवाने और कब्जा लेने पहुंची थी। उस समय आवास पर केवल एक कर्मचारी ही मौजूद था।
वहीं, दूसरी ओर यह बात भी सामने आ रही है कि अंबा प्रसाद ने परिवार में एक शादी के कार्यक्रम का हवाला देते हुए भवन निर्माण विभाग से नवंबर माह तक आवास बनाए रखने का अनुरोध किया था। हालांकि, विभाग ने इस आवास को किसी अन्य व्यक्ति को आवंटित कर दिए जाने का हवाला देते हुए इसे खाली कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
