रांची। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री और कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं की बयानबाजी पर कांग्रेस पार्टी ने कड़ी कानूनी कार्रवाई की है। शनिवार को कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल जगन्नाथपुर थाना पहुंचा और भाजपा के प्रमुख नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।
दर्ज कराई गई एफआईआर में जिन भाजपा नेताओं के नाम शामिल हैं, उनमें प्रमुख रूप से प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, दीपक प्रकाश और विधायक भानु प्रताप शाही के नाम शामिल है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा नेता स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के बयानों को जानबूझकर तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एक मंत्री को "बांग्लादेशी घुसपैठिया" कहा गया है, और देश की मौजूदा स्थिति को लेकर जिस तरह की अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया गया है, वह बेहद शर्मनाक है।
इस विरोध और कानूनी कार्रवाई के दौरान कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल में महानगर अध्यक्ष कुमार राजा, जिला अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा सहित कई अन्य पार्टी कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे।
